पौड़ी गढ़वाल : बणासी में महिला की मौत के बाद हरकत में वन विभाग, ड्रोन और ट्रैप कैमरों से गुलदार की तलाश तेज

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल के बणासी गांव में 66 वर्षीय महिला की गुलदार के हमले में मृत्यु के बाद जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने क्षेत्र में व्यापक निगरानी और सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया है। घटना के बाद वन विभाग के दल लगातार प्रभावित क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं तथा गुलदार की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

डीएफओ महातिम यादव ने प्रभावित गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।

डीएफओ ने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी सुभाष घिल्डियाल के नेतृत्व में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुलदार की निगरानी के लिए क्षेत्र में 10 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं तथा उसे पकड़ने के उद्देश्य से 4 पिंजरे भी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी की जा रही है, ताकि गुलदार की लोकेशन का सटीक पता लगाया जा सके।

उन्होंने बताया कि अभियान में ट्रैंकुलाइजिंग (बेहोश करने) वाला विशेषज्ञ दल, निगरानी दल तथा विभागीय शूटर तैनात किए गए हैं। दल द्वारा लगातार गश्त की जा रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर अकेले न जाएं, समूह में आवागमन करें तथा किसी भी स्थान पर गुलदार दिखाई देने या उसकी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को दें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

श्रावण कांवड़ मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

Sun Jun 28 , 2026
लक्ष्मणझूला : आगामी श्रावण कांवड़ मेला के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था एवं मेले के सफल संचालन को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर द्वारा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!