देहरादून में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 19 को मुख्यमंत्री की अगुवाई में होगी ‘रन फॉर योग’

देहरादून : योग दिवस के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

जनपद देहरादून में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। योग दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को पुलिस लाइन, रेसकोर्स देहरादून में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेयर सौरभ थपलियाल, आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे तथा जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित करीब 770 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर योग’ का शुभारंभ पुलिस मैदान, रेसकोर्स से होगा। यह दौड़ त्यागी रोड होते हुए पुनः पुलिस मैदान में आकर संपन्न होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों लाखामंडल और हनोल में भी कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अपर जिलाधिकारी ने योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर देते हुए पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल विभाग सहित सभी संबंधित विभागों से आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा। साथ ही नागरिकों से भी ‘रन फॉर योग’ एवं योगाभ्यास कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की गई।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कम प्रगति वाले बूथों की विशेष निगरानी एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश

Wed Jun 17 , 2026
पौड़ी : जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ आर चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!